भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आज क्यों भीगी अँखियन कोर!/ सुरंगमा यादव

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

            आज क्यों भीगी अँखियन कोर!
रह-रह कर मन हुआ विकल
पीर बढ़ रही है पल-पल
सुप्त व्यथाएँ जाग उठीं
हृदय में मचता कैसा शोर!
          आज क्यों भीगी अँखियन कोर!
बाहर कलरव अंतर में रव
फीका लगता सारा वैभव
मन में पारावार उमड़ता
नयन जब उठें चाँद की ओर !
           आज क्यों भीगी अँखियन कोर!
आज सुरभि पहचानी लगती
मंद बयार सुहानी बहती
अलि बता वे मुझे याद कर
क्या कभी होते भाव विभोर!
         आज क्यों भीगी अँखियन कोर!