भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

काश! हम होते / मनोज जैन 'मधुर'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

काश! हम होते नदी के
तीर वाले वट।
हम निरंतर भूमिका
मिलने मिलाने की रचाते।
पांखियों के दल उतर कर
नीढ़ डालों पर सजाते।
चहचहाहट सुन हृदय का
छलक जाता घट।
नयन अपने सदा नीरा
से मिला हँस बोल लेते।
हम लहर का परस् पाकर
खिल खिलाते डोल लेते।
मंद मृदु मुस्कान
बिखराते नदी के तट।
साँझ घिरती सूर्य ढलता
थके पांखी लौट आते।
पात दल अपने हिलाकर
हम रूपहला गीत गाते।
झुरमुटों से झांकते हम
चाँदनी के पट।
देह माटी की पकड़कर
ठाट से हम खड़े होते।
जिंदगी होती तनिक सी
किन्तु कद में बड़े होते।
सन्तुलन हम साधते ज्यों
साधता है नट।