भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दादी अम्मा कमाल करती है / विजय वाते

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सारे घर का खयाल करती है।
दादी अम्मा कमाल करती है।

आज मावस है, कल शनिचर है,
काम करना, मुहाल करती है।

सर से इक पल अगर गिरे आँचल,
अम्मा दिन भर बवाल करती है।

भूरे कुत्ते की काली गैया की,
सब की वो देखभाल करती है।

काँपते हाथ पोपले मुँह से,
ज़िन्दगानी बहाल करती है।

देह अपनी नहीं सम्भालती है,
सारे जग का सम्हाल करती है।