भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

परिस्थितियाँ / कीर्ति चौधरी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ऊबड़-खाबड़ बेतरतीब पत्थरों में

थोड़ी जगह बनी।


बादलों की छाँह कभी दूर

कभी हुई घनी।


पास ही निर्झर की छल-छल

छलती रही।


जल सामीप्य की आस

पलती रही।


कँकरीली पथरीली एक चप्पा जगह

माटी की उर्वरता दूर से कर संग्रह

पौधा बढ़ता गया


मार्ग गढ़ता गया।