भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

लाश / हैरॉल्ड पिंटर / यादवेन्द्र

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कहाँ मिली यह लाश ?
किसे मिली यह लाश ?
जब मिली तब क्या शेष नहीं थी उसमें जान ?
कैसे मिली यह लाश ?
किसकी थी यह लाश ?

कौन था पिता या बेटी या भाई
या चाचा या बहन या माँ या बेटा
इस अलग-थलग पड़ी लाश का ?
अकेले छोड़े जाते समय भी
क्या इसमें नहीं बची थी जान ?

क्या इसे अकेले छोड़ दिया गया था ?
किसने इसे फेंका इस तरह अकेले ?
क्या लाश नंगी पड़ी थी ?
या कहीं जाने के लिए पहने थे कपड़े ?

किस बिना पर तुमने घोषित किया इसे मृत ?
क्या तुमने इसे घोषित किया मृत ?
क्या पहचान थी इसकी मृत्यु से पहले ?
कैसे पता चला तुम्हें
नहीं बची है जान अब इसमें ?

क्या तुमने नहलाया इस लाश को ?
क्या मूंद दी थीं उसकी दोनों आँखें ?
क्या इसे दबा दिया था क़ब्र में ?
या फिर से इसे छोड़ दिया अकेले ?
क्या तुमने चूमा था मृतक को ?

अँग्रेज़ी से अनुवाद : यादवेन्द्र