Last modified on 20 मई 2011, at 22:18

लेखन की पहली शर्त / धरमराज

महाभारत का युद्ध हुआ
कौरव-पाण्डवों के मध्य
जिसे देखा संजय ने / सुना धृतराष्ट्र ने
लिपिबद्ध किया गणेश ने

गणेश शिव-पार्वती के पुत्र थे
गणेश का शरीर
पूर्ण मानव का शरीर नहीं था
उनका मुख हाथी का
शेष धड़ इंसान का था

आज भी जो लिख रहे हैं
वो भी आधे हाथी / आधे इंसान हैं
मेरे अंदर प्रश्न जागा
क्या लेखन की पहली शर्त
आधा हाथी, आधा इंसान होना है
या पूरा इंसान बना ही नहीं
या पूरा इंसान नहीं कर सकता लेखन

इसीलिए मानव जब इंसान न बन पाया
तो उसने जगह-जगह
हाथी बनाने कर दिए शुरू
जिनमें से कुछ हाथी
चुनावों के बैनरों पर छप गए हैं ।