भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

वह राम है / रमेश कौशिक

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

गंध बन जो फूल को महका रहा
वह राम है
पंछियों के कंठ से जो गा रहा
वह राम है।
हर किसी की आँख से जो दिप रहा
वह राम है
हर किसी की आँख से जो छिप रहा
वह राम है।

तारकों में झिलमिलाता जो सदा
वह राम है।

बादलों से सिंधु तक जो बह रहा
वह राम है
मौन रह कर जो सभी कुछ कह रहा
वह राम है।

जो हमारी साँस में आ-जा रहा
वह राम है
जो धरा से व्योम तक है रम रहा
वह राम है।