भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सागर लौटा चट्टानों से / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

दिन डूब गया
सागर उलटे पाँवों लौटा
                  चट्टानों से
 
तट पर
आँखे मूँदे लौटी
कुछ नौकाएँ
सीपियाँ और गूँगे शंखों की
दुविधाएँ
 
आवाज़ें पिछले द्वीपों की
फिर टकरातीं हैं
                   कानों से
 
अंधे खजूर की बाँहों में
तारे उतरे
नीली मछली ने
जाल मछेरों के कुतरे
 
चेहरा धोकर
चुपचाप हवाएँ गुज़र गयीं
                          मैदानों से