Changes

{{KKCatKavita}}
<poem>
'''द्रुतविलंबित छंद'''
गत हुई अब थी द्वि-घटी निशा।
तिमिर – पूरित थी सब मेदिनी।
बहु विमुग्ध करी बन थी लसी।
गगन मंडल तारक - मालिका॥१॥
::तम ढके तरु थे दिखला रहे।
::तमस – पादप से जन - वृंद को।
::सकल गोकुल गेह - समूह भी।
::तिमिर-निर्मित सा इस काल था॥२॥
इस तमो – मय गेह – समूह का।
अति – प्रकाशित सर्व-सुकक्ष था।
विविध ज्योति-निधान-प्रदीप थे।
तिमिर – व्यापकता हरते जहाँ॥३॥
::इस प्रभा – मय – मंजुल – कक्ष में।
::सदन की करके सकला क्रिया।
::कथन थीं करतीं कुल – कामिनी।
::कलित कीर्ति ब्रजाधिप - तात की॥४॥
सदन-सम्मुख के कल ज्योति से।
ज्वलित थे जितने वर - बैठके।
पुरुष - जाति वहाँ समवेत हो।
सुगुण – वर्णन में अनुरक्त थी॥५॥
::रमणियाँ सब ले गृह–बालिका।
::पुरुष लेकर बालक – मंडली।
::कथन थे करते कल – कंठ से।
::ब्रज – विभूषण की विरदावली॥६॥
सब पड़ोस कहीं समवेत था।
सदन के सब थे इकठे कहीं।
मिलित थे नरनारि कहीं हुए।
चयन को कुसुमावलि कीर्ति की॥७॥
::रसवती रसना बल से कहीं।
::कथित थी कथनीय गुणावली।
::मधुर राग सधे स्वर ताल में।
::कलित कीर्ति अलापित थी कहीं॥८॥
बज रहे मृदु मंद मृदंग थे।
ध्वनित हो उठता करताल था।
सरस वादन से वर बीन के।
विपुल था मधु-वर्षण हो रहा॥९॥
::प्रति निकेतन से कल - नाद की।
::निकलती लहरी इस काल थी।
::मधुमयी गलियाँ सब थीं बनी।
::ध्वनित सा कुल गोकुल-ग्राम था।१०॥
::सुन पड़ी ध्वनि एक इसी घड़ी।
अति – अनर्थकरी इस ग्राम में।
विपुल वादित वाद्य-विशेष से।
निकलती अब जो अविराम थी॥११॥
::मनुज एक विघोषक वाद्य की।
::प्रथम था करता बहु ताड़ना।
::फिर मुकुंद - प्रवास - प्रसंग यों।
::कथन था करता स्वर–तार से॥१२॥
अमित विक्रम कंस नरेश ने।
धनुष-यज्ञ विलोकन के लिए।
कुल समादर से ब्रज - भूप को।
कुँवर संग निमंत्रित है किया॥१३॥
::यह निमंत्रण लेकर आज ही।
::सुत – स्वफल्क समागत हैं हुए।
::कल प्रभात हुए मथुरापुरी।
::गमन भी अवधारित हो चुका॥१४॥
इस सुविस्तृत - गोकुल ग्राम में।
निवसते जितने वर – गोप हैं।
सकल को उपढौकन आदि ले।
उचित है चलना मथुरापुरी॥१५॥
::इसलिए यह भूपनिदेश है।
::सकल – गोप समाहित हो सुनो।
::सब प्रबंध हुआ निशि में रहे।
::कल प्रभात हुए न विलंब हो॥१६॥
निमिष में यह भीषण घोषणा।
रजनि-अंक-कलंकित - कारिणी।
मृदु - समीरण के सहकार से।
अखिल गोकुल – ग्राममयी हुई॥१७॥
::कमल – लोचन कृष्ण - वियोग की।
::अशनि – पात - समा यह सूचना।
::परम – आकुल – गोकुल के लिए।
::अति – अनिष्टकरी घटना हुई॥१८॥
चकित भीत अचेतन सी बनी।
कँप उठी कुलमानव – मंडली।
कुटिलता कर याद नृशंस की।
प्रबल और हुई उर - वेदना॥१९॥
::कुछ घड़ी पहले जिस भूमि में।
::प्रवहमान प्रमोद – प्रवाह था।
::अब उसी रस प्लावित भूमि में।
::बह चला खर स्रोत विषाद का॥२०॥
</poem>
Delete, KKSahayogi, Mover, Protect, Reupload, Uploader
19,164
edits