भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"एक तरफ कुहरा / रामस्वरूप 'सिन्दूर'" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामस्वरूप 'सिन्दूर' |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

03:31, 19 अक्टूबर 2016 के समय का अवतरण

एक तरफ कुहरा ही कुहरा, एक तरफ़ हैं हम!
अंतर्मन सूरज-सूरज, आँखें शबनम-शबनम!

घाटी के तल से अम्बर तक
जल के रंग भरे,
ज्यों समुद्र मारे उछाल
शिखरों को पार करे,
एक तरफ़ जग गूंगा-बहरा, एक तरफ़ सरगम!
अंतर्मन सूरज-सूरज, आँखें शबनम-शबनम!

तन निर्झरी राह पर बहके
फिसल-फिसल सँभले,
तप्त देह पर मेघ-बसे
क्षण के फेनिल हमले,
एक तरफ़ तम दुहरा-तिहरा, एक तरफ़ पूनम!
अंतर्मन सूरज-सूरज, आँखें शबनम-शबनम!

झील डूब चेतन में
उभरी है अवचेतन में,
गत के साथ अनागत झाँका
स्वप्निल दर्पण में,
एक तरफ़ सब ठहरा-ठहरा, एक तरफ़ उदगम
अंतर्मन सूरज-सूरज, आँखें शबनम-शबनम!