Last modified on 25 मार्च 2022, at 19:33

मंज़िलें क्या हैं रास्ता क्या है / आलोक श्रीवास्तव-१

वीरबाला (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:33, 25 मार्च 2022 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मंज़िलें क्या हैं रास्ता क्या है
हौसला हो तो फ़ासला क्या है

वो सज़ा देके दूर जा बैठा
किससे पूछूँ मेरी ख़ता क्या है

जब भी चाहेगा छीन लेगा वो
सब उसी का है, आपका क्या है

तुम हमारे क़रीब बैठे हो
अब दवा कैसी, अब दुआ क्या है

चाँदनी आज किसलिए नम है
चाँद की आँख में चुभा क्या है

ख़्वाब सारे उदास बैठे हैं
नींद रूठी है, माजरा क्या है

बेसदा काग़ज़ों में आग लगा
अपने रिश्ते को आज़्मा, क्या है

गुज़रे लम्हों की धूल उड़ती है
इस हवेली में अब रखा क्या है