Last modified on 13 दिसम्बर 2010, at 22:43

नहीं बने शब्द कोश / प्रदीप मिश्र

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:43, 13 दिसम्बर 2010 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

किसी पिंड में
सृजन की ऊष्मा इतनी तीव्रता से उफ़ने कि
फूटकर बिखर जाय वह पूरे अंतरिक्ष में
जिस तरह से किसान बिखेरता खेतों में बीज

उगें छोटे-बड़े ग्रह-उपग्रह
निर्मित हो नया-नया ब्रह्मांड

इस बार
उपग्रहों के चक्कर काटें ग्रह
ग्रहों का सूर्य
हिमालय पिघलकर समुद्र बन जाय
और समुद्र हराभरा पहाड़

पेड़-पौधे मनुष्यों की तरह चलें फिरें
चिड़ियाँ समुद्र में तैरें
मछलियाँ ले उड़ें मछुए की जाल
मनुष्यों का स्मृतिलोप हो जाय
इतिहास डूब जाय प्रलय की बाढ़ में

फिर नए सिरे से पहचाने जाएँ
जंगल-पेड़-पहाड़-जीव-जंतु
निर्मित हो नई-नई भाषा
नए-नए शब्द आएँ जीवन में
और कभी नहीं बनें शब्दकोश ।