भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

खीजत जात माखन खात / सूरदास

Kavita Kosh से
Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:28, 28 सितम्बर 2007 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

राग रामकली


खीजत जात माखन खात ।
अरुन लोचन, भौंह टेढ़ी, बार-बार जँभात ॥
कबहुँ रुनझुन चलत घुटुरुनि, धूरि धूसर गात ।
कबहुँ झुकि कै अलक खैँचत, नैन जल भरि जात ॥
कबहुँ तोतरे बोल बोलत, कबहुँ बोलत तात ।
सूर हरि की निरखि सोभा, निमिष तजत न मात ॥

मोहन माखन काते हुए खीझते जा रहे हैं । नेत्र लाल हो रहे हैं, भौंहे तिरछी हैं, बार-बार जम्हाई लेते हैं । कभी (नूपुरों को) रुनझुन करते घुटनों से चलते हैं, शरीर धूलि से धूसर हो रहा है, कभी झुककर अपनी अलकें खींचते हैं, जिससे नेत्रों में आँसू भर आते हैं, कभी तोतली वाणी से कुछ कहने लगते हैं, कभी बाबा को बुलाते हैं । सूरदास जी कहते हैं कि श्रीहरि की यह शोभा देखकर माता पलकें भी नहीं डालतीं । (अपलक देख रही हैं)