Last modified on 27 मई 2010, at 20:40

बरसों हे अंबर के दानी/ गुलाब खंडेलवाल

Vibhajhalani (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:40, 27 मई 2010 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब खंडेलवाल |संग्रह=हम तो गाकर मुक्त हुए / गु…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)


बरसों हे अंबर के दानी
तुम बरसो तो जीवन बरसे, सरसें तरसे प्राणी

उथलें ताल, नदी-नद उमड़ें, टपके छप्पर-छानी
सूखे पेड़ हरे हों फिर से, पाकर नयी जवानी

तोरण-बंदनवार सजाकर भूमि करे अगवानी
मन भीजे, घर-आँगन भीजे, भीजे चूनर धानी

कभी लुटाते आओ मोती, कभी बहाते पानी
कभी बरस लो आंसू बनकर, रोये राधा रानी

नाचा किया मोर जंगल में, प्रीति किसी ने जानी!
अब जानी जब घर-घर गूँजी 'पिहू-पिहू' की वाणी

झूम-झूम, झुक-झुक कर बरसो, खूब करो मनमानी
फिर लहरों पर चले उछलती, मेरी नाव पुरानी

बरसों हे अंबर के दानी!
तुम बरसो तो जीवन बरसे, सरसें तरसे प्राणी