Last modified on 18 अक्टूबर 2009, at 21:16

वसन्त आया / सूर्यकांत त्रिपाठी "निराला"

Shrddha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:16, 18 अक्टूबर 2009 का अवतरण

सखि, वसन्त आया
भरा हर्ष वन के मन,
नवोत्कर्ष छाया।

किसलय-वसना नव-वय-लतिका
मिली मधुर प्रिय उर-तरु-पतिका
मधुप-वृन्द बन्दी-
पिक-स्वर नभ सरसाया।

लता-मुकुल हार गन्ध-भार भर
बही पवन बन्द मन्द मन्दतर,
जागी नयनों में वन-
यौवन की माया।

अवृत सरसी-उर-सरसिज उठे;
केशर के केश कली के छुटे,

स्वर्ण-शस्य-अंचल
पृथ्वी का लहराया।