Last modified on 4 जनवरी 2014, at 15:34

सूखा-बाढ़ / गुलाब सिंह

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:34, 4 जनवरी 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब सिंह |संग्रह=बाँस-वन और बाँ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आँधी के पत्तों-से काँपे अधर
रात गहराई
हाथों में नम हुई
एक तीली की दिया सलाई।

आई बाढ़ चढ़े पेड़ों पर
बाँधे खाट-खटोले,
सिर पर उड़े जहाज
पाँव के नीचे अजगर डोले,

माटी की ललछौंह बहे
ज्यों धोये हाथ कसाई।

जुड़े-कटे अंगों-से बिखरे
खेत-मेड़ घर-डीहे,
चमके धूप गड़ाँस सरीखी
बादल लगते ठीहे,

छाती धरे पहाड़ गाँव ने
गीली पलक उठाई।

आधी देह आग में झौंसी
कीचड़ सड़ती आधी,
सूखा-बाढ़ द्वैत में जन्मा
मरा साधु अपराधी,

एक-एक दिन जिया
न्याय की तुला-चढ़ी तनहाई।