Last modified on 19 मार्च 2014, at 16:33

आनबानवाले / हरिऔध

Gayatri Gupta (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:33, 19 मार्च 2014 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

बीसियों बार छान बीन करें।
पर चलें वे न और का मत लें।
जी करे ढाह दें बिपत हम पर।
पर उतारें न कान के पतले।

जो लगाये कहें लगी लिपटी।
वे कभी बन सके नहीं सच्चे।
क्यों भला बात हम सुनें कच्ची।
हैं न बच्चे न कान के कच्चे।

देख मनमानी बहुत जी पक गया।
अब भला चुप किस तरह से हम रहें।
बात लगती बेकहों को बेधड़क।
हम कहेंगे औ न क्यों मुँह पर कहें।

हम फिरेंगे न बात से अपनी।
आँख जो फिर गई तो फिरने दो।
हम गिरेंगे कभी न मुँह के बल।
मुँह अगर गिर गया तो गिरने दो।

खींच ली जाय जीभ क्यों उन की।
गालियाँ जो कि जी जले ही दें।
बंद होगा न आँख का आँसू।
आप मुँह बन्द कर भले ही दें।

सब समझ सोच तो सकेंगे ही।
आप सारे उपाय कर लेवें।
बंद होगा न, देखना सुनना।
आप मुँह क्यों न बन्द कर देवें।

पड़ गया जब कि देखना नीचा।
तब भला किस तरह न वह खलता।
जब चलाये न बात चल पाई।
तब भला किस तरह न मुँह चलता।

जो पड़े सिर पर, रहें सहतें उसे।
पर न औरों के बुरे तेवर सहें।
दिन बितायें चाब मूठी भर चना।
पर किसी की भी न मूठी में रहें।

तब खरा रह गया कहाँ सोना।
जब हुआ मैल दूर आँचें खा।
क्यों न मुँह की बनी रहे लाली।
गाल क्यों लाल हो तमाचे खा।