Last modified on 26 मई 2014, at 10:36

ग़रीब का चाँद / पुष्पिता

Gayatri Gupta (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:36, 26 मई 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=पुष्पिता |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKavita...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

पूर्ण चाँद
अपने रुपहले घट के अमृत को
बनाकर रखता है
तरल पारदर्शी
नारियल फल भीतर
चुपके से
गहरी रात गए
अनाथ शिशुओं का दूध
बनने के लिए।

निर्धन का धन
सूरीनामी वन
जिन पर ईंधन भर
या हक़ छावनी छत भर
जैसे गाय या बकरी का
पगडंडियों की घास पर
होता है हक़।

पत्तों की छतों पर
पुरनिया टीन की छाजन पर
चंदीली वर्क लगाता है चाँद
ताज़ी बर्फी की तरह
मीठी लगती है ग़रीब की झोपड़ी
विश्राम के आनंद से भरपूर।

रुपहले रंग की तरह
पुत जाता है चाँद
पूर्ण पृथ्वी पर
बगैर किसी भेद के
जंगल, नदी, पहाड़ को
एक करता हुआ।

घरों को अपने रुपहले
अंकवार में भरता हुआ
मेटता है गोरे-काले रंग के
भेद को।

पूर्ण चाँद
प्रियाओं के कंठ में
सौंदर्य का लोकगीत बनकर
तरंगित हो उठता है
जबकि
रात गए सन्नाटे में
झींगुर भी
अपनी ड्यूटी से थककर
सो चुका होता है
नए कोलाहल के
स्वप्न देखने के लिए।