Last modified on 20 सितम्बर 2008, at 20:12

घर से निकले सुबह, शाम को घर लौटे / जहीर कुरैशी

द्विजेन्द्र द्विज (चर्चा) द्वारा परिवर्तित 20:12, 20 सितम्बर 2008 का अवतरण (नया पृष्ठ: <poem> घर से निकले सुबह, शाम को घर लौटे मीठी—मीठी थकन लिए अक्सर लौटे ज...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

घर से निकले सुबह, शाम को घर लौटे
मीठी—मीठी थकन लिए अक्सर लौटे

जब भी लोगों को थोड़ा एकांत मिला
सबके मन में अपने—अपने डर लौटे

दंगों में इतना झुलसा घर का चेहरा
हम अपनी ही देहरी तक आकर लौटे

पंख कटे पंछी की आहत आँखों में
जाने कितनी बार समूचे ‘पर’ लौटे

सोच रहा है बूढ़ा और अशक्त पिता—
बेटे के स्वर में शायद आदर लौटे !

शब्द बेचने में क्या पूँजी लगनी थी
अर्थ लिए ,शब्दों के सौदागर लौटे

हमने जैसे कंकर —पत्थर बोए थे
धरती से वैसे कंकर —पत्थर लौटे.