Last modified on 28 नवम्बर 2020, at 22:06

अधिकार तुम्हारा / शंकरलाल द्विवेदी

Rahul1735mini (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:06, 28 नवम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शंकरलाल द्विवेदी |संग्रह= }} {{KKCatGeet}} <...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

अधिकार तुम्हारा

पंछी हूँ, अधिकार तुम्हारा, मैं स्वीकार करूँ- तो कैसे?
इसमें दाना तो मिलता है, पंखों पर बंधन लगता है।।

साँझ घिरे, तरु पर लौटे हैं,
हँस-हँस कर कहते-सुनते हैं।
करुणा-साहस भरी कथाएँ-
दिन भर कण कैसे चुनते हैं।।
आँगन का गहरा सन्नाटा, पीने का अभ्यासी क्यों हूँ?
मन को चिन्तन तो मिलता है; आहट से विस्मय होता है।।

बस मुँडेर तक आ पाती हैं,
इस घर में सूरज की किरणें।
दीवारें इतनी मोहक हैं-
छिपकलियाँ शलभों को निगलें।।
दीपों के पीले प्रकाश का, दंभ सहूँ, ऐसा क्यों?- बोलो।
स्वर में स्वर तो मिल जाता है, गति-लय में अंतर पड़ता है।।

पिंजरे पर पुरने वाले, इन-
मकड़ी के जालों से क्या है?
पंछी की गति कहाँ रुकी है,
कीड़ों की चालों से क्या है?
जूठी थाली भर पानी में, अम्बर की छबि से लौ बाँधूँ?
आँखों को सुख तो मिलता है, -ध्रुवतारा ओझल रहता है।।
-९ मई, १९६७