Last modified on 23 जून 2022, at 00:31

मंगल वर्षा / भवानीप्रसाद मिश्र

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:31, 23 जून 2022 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=भवानीप्रसाद मिश्र |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

पीके फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।
हरियाली छा गई, हमारे सावन सरसा री ।।

बादल छाए आसमान में, धरती फूली री ।
भरी सुहागन, आज माँग में भूली - भूली री ।।
बिजली चमकी भाग सरीखी, दादुर बोले री ।
अन्ध प्रान- सी बही, उड़े पंछी अनमोले री ।।
छिन - छिन उठी हिलोर, मगन मन पागल दरसा री ।
पी के फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।।

फिसली सी पगडण्डी, खिसकी आँख सजीली री ।
इन्द्रधनुष रंग - रंगी, आज मैं सहज रंगीली री ।।
रुन झुन बिछिया आज, हिला डुल मेरी बेनी री ।
ऊँचें - ऊँचे पेंग, हिण्डोला सरग - नसेनी री ।।
और सखी, सुन मोर ! विजन वन दीखे घर सा री ।
पी के फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।।

फुर - फुर उड़ी फुहार, अलक दल मोती छाए री ।
खड़ी खेत के बीच, किसानिन कजली गाए री ।।
झर - झर झरना झरे, आज मन प्रान सिहाए री ।
कौन जनम के पुन्न कि ऐसे शुभ दिन आए री ।।
रात सुहागिन गात, मुदित मन साजन परसा री ।
पी के फूटे आज प्यार के, पानी बरसा री ।।