Last modified on 13 अगस्त 2022, at 08:30

बोल चिरैया / शशिकान्त गीते

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 08:30, 13 अगस्त 2022 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शशिकान्त गीते |अनुवादक= |संग्रह=म...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आँगन में बोल
दो बोल चिरैया ।

अनचाहे ताप से
तुलसी कुम्हलाई
धीरज भी लेने लगा
लम्बी जमुहाई
तू तो ना लेगी
कुछ मोल चिरैया ।

जीवन क्या केवल है
धूप, धूल, किरचें ?
जलती दोपहरी, चल
चाँदनी हम सिरजें
आन्धियों को तौल
पर खोल चिरैया ।

सोच - समझ दुर्गन्धित
अन्धियारा छाया
देहरी पर सत्य खड़ा
रक्त में नहाया
करना मत बात
गोलमोल चिरैया ।