Last modified on 15 अगस्त 2024, at 10:24

गीत गा रहे / राहुल शिवाय

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:24, 15 अगस्त 2024 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राहुल शिवाय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

हमें पूछते हो
हम गीत भला क्यों गाते हैं
गीत गा रहे
हम अपनी मुस्कान बचाने को

हमें बचाना है फूलों,
गंधों से बतियाना
नदी, पहाड़ों, उद्यानों
मेघों का हो जाना

बहुत किये हैं
दुनिया ने रंगों के बँटवारे
हम गाते हैं
रंगों की पहचान बचाने को

अँगुलिमाल को दया-धर्म
हमको समझाना है
चंड अशोकों के अंतर में
बुद्ध जगाना है

नित्य बढ़ रही है
इंसानों में जँगली फ़ितरत
गीत गा रहे
अंदर का इंसान बचाने को

हम तो अपनी बंद खिड़कियाँ
ख़ुद ही खोलेंगे
सारे प्रतिबंधों का उत्तर
देंगे, बोलेंगे

सपनों का दम घोंट नहीं
पायेगा अब पिंजरा
गीत गा रहे
हर दिन नयी उड़ान बचाने को