Last modified on 17 अगस्त 2009, at 09:19

मेघ न आए / शील

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 09:19, 17 अगस्त 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna | रचनाकार= शील }} <poem> मेघ न आए। सूखे खेत किसानिन सूखे, सूखे त...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मेघ न आए।
सूखे खेत किसानिन सूखे,
सूखे ताल-तलैयाँ,
भुइयाँ पर की कुइयाँ सूखी,
तलफ़े ढोर-चिरैयाँ।
आसमान में सूरज धधके,
दुर्दिन झाँक रहे।
बीज फोड़कर निकले अंकुर
ऊपर ताक रहे।

मेघ न आए।
सावन बीता, भादों बीते,
प्यासे घट रीते के रीते,
मारी गई फसल बरखा बिन,
महँगे हुए पिरीते।
धन के लोभी दाँत निकाले,
सपने गाँठ रहे।
बीज फोड़कर निकले अंकुर
ऊपर ताक रहे।

मेघ न आए।
आये भी तो धुपहे बादल,
धूल-भरे चितकबरे बादल,
पछुवा के हुलकाए बादल,
राजनीति पर छाए बादल,
पूर्वोत्तर के पचन झकोरे,
धरती माप रहे।
बीज फोड़कर निकले अंकुर
ऊपर ताक रहे।
मेघ न आए।