Last modified on 22 जुलाई 2011, at 04:02

अवध में कैसे पाँव धरूँ! / गुलाब खंडेलवाल


अवध में कैसे पाँव धरूँ!
वनवासिनी पुन: रानी का कैसे स्वाँग भरूँ!
 
'जिस घर से कलंक ले सिर पर
कभी निकल आयी मैं बाहर
उसमें अब फिर से प्रवेश कर
                    लज्जा से न मरूँ!
 
'दुखमय है कुल गाथा मेरी
बीत गये युग देते फेरी
प्रिय इतनी अब रात अँधेरी
                    रवि को देख डरूँ
 
'मन को पति-चरणों से जोड़े
अब मैं हूँ जग से मुँह मोड़े
कोई व्यंग्य-बाण फिर छोड़े
                   क्यों यह सहन करूँ'

अवध में कैसे पाँव धरूँ!
वनवासिनी पुन: रानी का कैसे स्वाँग भरूँ!