Last modified on 21 दिसम्बर 2018, at 20:50

जन्मस्थान / विजयशंकर चतुर्वेदी

किसी को नहीं रहता याद
कहाँ गिरा था वह पहली बार धरती पर
कहाँ जना गया
किस ठौर कटी थी उसकी नाल?
आसान नहीं है सर्वज्ञों के लिए भी यह जान लेना
कि क्यों पैदा होता है कोई?

कितने ईसा
कितने बुद्ध
कितने राम
कितने रहमान
कितने फुटपाथ
कितने अस्पताल
कितने रसोईघर
कितने मैदान
कितने महल
कितने अस्तबल
कौन पार पा सकता है जच्चाघरों से?

कैसे बता सकती हैं ख़ानाबदोश जातियाँ
किन-किन तम्बुओं में जनी गईं वे
घाट-घाट का पानी पीकर
कैसे चली आईं अयोध्या तक...?