Last modified on 5 सितम्बर 2011, at 20:36

दिन की रात की तानाशाही / रोशन लाल 'रौशन'

दिन की रात की तानाशाही
आदमजात की तानाशाही

बे औकात की तानाशाही
ये हालात की तानाशाही

दो रोटी क्या हमने चाही
दी ख़ैरात की तानाशाही

नंगी गर्मी अकड़ा जाड़ा
अब बरसात की तानाशाही

वो निर्यात की मज़बूरी थी
ये आयात की तानाशाही

मज़हब-मज़हब जंग पतन की
जात-पात की तानाशाही

वर्ग-भेद की आड़ में 'रौशन'
बात-बात की तानाशाही