Last modified on 30 अक्टूबर 2019, at 19:40

नयन में मान का हो जल / प्रेमलता त्रिपाठी

सरस करदो हमें माते नयन में मान का हो जल।
करूँ मैं पूर्ण सपने सब सदा साधक बनूँ हर पल।

फुहारें देखकर छम-छम कहीं चंचल हुआ तन-मन,
बनी जो आपदा बरखा कहीं यह काल है बादल।

दमकती दामिनी तड़पे तरंगें उठ रहीं मन में,
उफनती यह नदी यौवन करे है आज हमसे छल।

गगन भेदी तड़ित माला गिरेज्यौंये कहर बनकर,
करे कंपित हृदय तन को धरा का भीत है आँचल।

बिखरते जा रहे तटबंध खंडित हो रहा गिरिवन,
निराशा से भरे मानस बहाते नैन हैं काजल।

सुहानी ऋतु लगे पावस धरा का प्राण जीवन पर,
जलाशय बन रहा आंगन नहीं अब दीखता है थल।

किनारा दो हरो सब क्लेश नौका डूबती है अब,
हृदय कर प्रेम से मनुहार देगें ईश हमको बल।