Last modified on 26 फ़रवरी 2018, at 23:29

लड़कियाँ / प्रज्ञा रावत

एक रात घर वापस
नहीं लौटेंगी सिर्फ़ लड़कियाँ
शाम की रंगीनियों में
खोई हुई
रात के नशे में झूमती
सड़कों पर होंगी सिर्फ़ लड़कियाँ

एक रात सूरज उगता देखेंगी
सिर्फ़ लड़कियाँ
एक रात पूरा मन धो लेंगी
सिर्फ़ लड़कियाँ
एक रात सचमुच सब कुछ
भूल जाएँगी सिर्फ़ लड़कियाँ
एक रात सचमुच बेख़ौफ़
हो जाएँगी सिर्फ़ लड़कियाँ।