Last modified on 5 जुलाई 2010, at 19:36

वे ही स्वर / हरीश भादानी

वे ही स्वर वे ही मनुहारें

वही वही दस्तक ड्योढ़ी पर
वही वही अगवाता आंचल
वह आंगन
वे ही दीवारें

वही ख्याल खिलौने वे ही
वे मौसम वे ही पोशाकें
वही उलहना
वे तकरारें

वही लाज घेरें मृग छौने
सिके वही चंदोवा रोटी
वही निवाला
वे मनुहारें

वही वही हठियाये चेहरे
बहला लेती वही हक़ीक़त
वही गोद
वे सगुन उतारें

वही वही निंदियाये आंखें
थपके वही गोत सिरहाने
वे ही स्वर
वे ही हिलकारें

वही तक़ाजों का दरिया है
वही नाव है कोलाहल की
वे हिचकोलें
वे पतवारें

यह दुनियां यादों को दे दें
चुप का चौकीदार बिठा दें
क्या बतियायें
किसे पुकारें?