Last modified on 28 मार्च 2017, at 01:29

सखे! भारत देश जैसा / सोना श्री

अडिग-अविचल सर हिमाचल,
हिन्द सिंधु जिसके पदतल,
नर्मदा, कृष्णा, त्रिवेणी
तापती, गोदावरी जल।
कौन है संसाधनों से
धनी जग में शेष ऐसा ?
सखे! भारत देश जैसा।।

ज्ञान चारो वेद जिसके,
और स्वर है उपनिषद से,
गुरुवाणी और अजानें
कर्णप्रिय मीठे शहद से,
ज्ञान गंगा से सुशोभित
कौन है उन्मेष ऐसा ?
सखे! भारत देश जैसा।।

प्रीत, रीति है जहाँ की,
विविधता पर एक बंधन,
वीर माटी को जहाँ पर
मानते हैं शीश-चंदन,
सकल जग में तुम बताओ
और कोई देश ऐसा ?
सखे! भारत देश जैसा।।