Last modified on 7 नवम्बर 2023, at 23:49

हर जनम दिन पर / हरिवंश प्रभात

हर जनम दिन पर अपना वज़न देखिए।
अपने जीवन का भी, बाँकपन देखिए।

उनकी दौलत, न सूरत, न तन देखिए,
देखना है अगर उनका मन देखिए।

ख़ौफ़, दहशत की फैली हवा हर तरफ़,
सांस लेने से पहले पवन देखिए।

आप कितना उठे ख़ुद में और ग़ैर में,
और कितना हुआ है पतन देखिए।

देश भक्ति का दिल में है जज़्बा अगर,
अपना किस राह पर है वतन देखिए।

सीख देते हैं जो गीता कुरआन की,
उनका कैसा है पहले चलन देखिए।

मुख़्तसर बात इतनी-सी ‘प्रभात’ है
है ज़माना बहुत पुरफ़तन देखिए।