Last modified on 16 जून 2013, at 21:43

कारीगर और मैं / प्रभात त्रिपाठी

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:43, 16 जून 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रभात त्रिपाठी |संग्रह= }} <Poem> चन्...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

चन्दन के काठ की क़लम जिसने बनाई
क्या उसे आता है लिखना ?

सोचा मैंने एक पल
लिखा मैंने एक शब्द
अपने मन में

जंगल जल गया कहीं दूर
बदहवास दौड़ा कारीगर
शहर की ओर
शहर तैयार था
बन्दूकों से लैस
उसने कारीगर से कहा
चुप रहो
चुपचाप करो अपना काम
मत लिखो, मत लिखो
अपना नाम

सचमूच गूँगे की तरह
एक शब्द बोले बिना
उसने बनाई क़लम
मैंने ख़रीदी
और दूसरे पल
अपनी सफ़ेद क़मीज में
शान से लटकाकर नई क़लम
चला गया
बन्दूकधारी को सैल्यूट मारने ।