Last modified on 6 जनवरी 2014, at 11:40

फागुन / गुलाब सिंह

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:40, 6 जनवरी 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब सिंह |संग्रह=बाँस-वन और बाँ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

रस के बोल भरे रागों में
बागों में गुनगुन
सुर-अलाप के सरगम बुनता
गलियों में फागुन।

सुबह गुलाबी
दुपरह उजली
साँझ सुरमई ढलके
ऋतु सारे दिन
घूम रही है
कपड़े बदल बदल के

तारे कल की अगवानी में
बिखरे हुए सगुन।

हरे खेत में
बगुलों जैसे
आसमान में बादल
शाहजहाँ-सा मन
रचता है, फिर से-
कोई ताजमहल

लहरों पर चाँदनी, डोलते-
फिरें कपोत मिथुन।

झीलों में धुलती-
हथेलियों-सी
तैरती मछलियाँ
मौसम की
छाती फूली
छोटी पड़ गईं पसलियाँ

मौन तोड़ते तिनके कब तक-
बैठोगे गुमसुम!