भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
ऐसा वर दे! / अवनीश सिंह चौहान
Kavita Kosh से
Abnish (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:43, 30 अक्टूबर 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अवनीश सिंह चौहान |संग्रह= }} {{KKCatNavgeet}} ...' के साथ नया पन्ना बनाया)
मेरी जड़-
अनगढ़ वाणी को
हे स्वरदेवी, अपना स्वर दे!
भीतर-बाहर
घना अँधेरा
दूर-दूर तक नहीं सबेरा
दिशाहीन है
मेरा जीवन
ममतामयी, उजाला भर दे!
मानवता की
पढूँ ऋचाएँ
तभी रचूँ नूतन कविताएँ
एकनिष्ठ मन
रहे सदा माँ,
आशीषों का कर सिर धर दे!
अपने को
पहचानें-जानें
'सत्यम् शिवम् सुन्दरम्' मानें
जागृत हो
मम प्रज्ञा पावन
हंसवाहिनी, ऐसा वर दे!