Last modified on 5 जून 2016, at 07:54

रोशनी के घर / रजनी मोरवाल

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 07:54, 5 जून 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रजनी मोरवाल |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

रोशनी वाले मकाँ ऊँचाइयों में खो गए।

मंज़िलों पर और मंज़िल
बस सलाखों औ’ झरोखे,
काँच के दर औ’ दरीचे
ज्यों छलावे और धोखे,

रेशमी पर्दे कहीं तन्हाइयों में खो गए।

ज़ेवरों के बीच कितने
ख़्वाब तन को डस रहे हैं,
ओढ़कर मुस्कान झूठी
महफ़िलों में हँस रहे हैं,

अजनबी बनकर बदन परछाइयों में खो गए।

फ़र्श पर कालीन महँगी
पर घरोंदें खोखले हैं,
ये दिखावे के सलीके
दोमुँहे औ’ दोगले हैं,

शहर के रिश्ते अँधेरी खाइयों में खो गए।