Last modified on 5 जून 2016, at 08:04

सावन बहका है / रजनी मोरवाल

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 08:04, 5 जून 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रजनी मोरवाल |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

लो, सावन बहका है
बूँदों पर है खुमार, मनुवा भी बहका है।

बागों में मेले हैं
फूलों के ठेले हैं,
झूलों के मौसम में
साथी अलबेले हैं।

कलियों पर है उभार, भँवरा भी चहका है।

ऋतुएँ जो झाँक रहीं
मौसम को आँक रहीं,
धरती की चूनर पर
गोटे को टाँक रहीं।

उपवन पर हो सवार, अम्बुआ भी लहका है।

कोयलिया टेर रही
बदली को हेर रही,
विरहन की आँखों को
आशाएँ घेर रही।

यौवन पर है निखार, तन-मन भी दहका है।