भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

चाँदनी खेल रही होली / गुलाब खंडेलवाल

Kavita Kosh से
Vibhajhalani (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 08:54, 20 अप्रैल 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब खंडेलवाल |संग्रह=चाँदनी / ग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

चाँदनी खेल रही होली

किरणों की पिचकारी भर कर
छोड़ रही तम-कृष्ण वदन पर
दिशि-दिशि रंग-अबीर रहा भर
नीली नभ-यमुना-पुलिनों पर राधा-सी भोली

नाच रही घन कुंजों में फिर
सिर ले शशि की कलशी अस्थिर
टूट रजत कुमकुमे रहे गिर
घूम-घूम कर ताल दे रही तारों की टोली

नव कदम्ब-कानन में भटकी
चली धरे व्रज्या पनघट की
बिखर रही रँग -रोली पट की
साधों से भर रही फैल कर नयनों की झोली

चाँदनी खेल रही होली