Last modified on 13 जून 2018, at 21:01

दोहा सप्तक-18 / रंजना वर्मा

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:01, 13 जून 2018 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

है लोगों के सर चढ़ा, कैसा आज जूनून।
गलियों में फैला रहे, हैं इंसानी खून।।

धरती ने धोखा दिया, रहा नहीं विश्वास।
जहर हवाओं में घुल, लगी उखड़ने साँस।।

दीवारें दुश्मन हुईं, छत विनाश के साथ।
गैर हुए अपने सभी, कौन बढ़ाये हाथ।।

अम्बर टूटा काँप कर, थर थर डिगा दिगन्त।
पल भर में मानो हुआ, सुघर सृष्टि का अंत।।

मौसम की अटखेलियाँ, बिखरे कितने रंग।
दुनियाँ छोटी पड़ गयी, ऐसी उठी उमंग।।
 
खेत खेत हरिया गये, झुक झुक जाती डाल।
पत्ता पत्ता पूछता, फिरता कई सवाल।।
 
एक प्रश्न तिरता रहा, दिशा दिशा सब ओर।
आशाओं के आम्र - वन, कब आयेंगे बौर।।