Last modified on 14 जून 2018, at 12:51

दोहा सप्तक-91 / रंजना वर्मा

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:51, 14 जून 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=दोह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

स्नेह भाव से उर भरा, सद्विचार हो साथ।
मन में नित आनन्द हो, तो क्यों रहे अनाथ।।

मौसम के अनुसार ही, बदल रही है रूप।
चाह न अब पूरी करे, ठंढी ठंढी धूप।।

शीत सिराये चाँदनी, सिहराये वातास।
सूरज वैरी छिप रहा, होती धूप उदास।।

कोहरा घिरता मेघ सा, ढक लेता हर राह।
सृष्टि धुंध में खो रही, बढ़ता शीत प्रवाह।।

दृग वातायन झाँकता, मन अबोध सुकुमार।
उर आँगन में अंकुरित, हुआ कहाँ से प्यार।।

आनन पर सरसों खिली, टेसू फूले गाल।
अधर कमल की पंखुरी, तन फूलों की डाल।।

टला नहीं निज पन्थ से, हुआ नहीं गतिमान।
पी अँजुरी भर चाँदनी, तारा हुआ महान।।