Last modified on 1 अक्टूबर 2018, at 09:05

हैं पपीहे पिया बिन तड़पने लगे / रंजना वर्मा

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 09:05, 1 अक्टूबर 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=रजन...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

हैं पपीहे पिया बिन तड़पने लगे ।
पी कहाँ पी कहाँ रोज़ रटने लगे।।

छू लिया चन्दनी वायु ने झूम कर
फूल सारे चमन के महकने लगे।।

फूल से तितलियाँ सब चिपक सी गयीं
झुण्ड आ पंछियों के चहकने लगे।।

बौर हँसने लगे खिल गया गुलमोहर
लो अमलतास के फूल खिलने लगे।।

दुंदुभी सी बजी भूप ऋतुराज की
मन लताओं के तरु से लिपटने लगे।।

था अँधेरा घना खूब काली निशा
पंक्ति में सारे जुगनू चमकने लगे।।

स्वर्ग से भी अधिक ये सुहानी धरा
देवता आगमन हित मचलने लगे।।