भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
प्लास्टिक की खुशामद / मनमोहन
Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:29, 5 अक्टूबर 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मनमोहन |अनुवादक= |संग्रह=ज़िल्लत...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
स्मृतियाँ मिट जाएँगी
लेकिन प्लास्टिक रहेगा
और वे स्मृतियाँ जो प्लास्टिक की बनी हैं
लोग चले जाएँगे
लेकिन प्लास्टिक रहेगा
और वे लोग जो प्लास्टिक के बने हैं
बातें रहेंगी, न काम रहेंगे
लेकिन प्लास्टिक रहेगा
और प्लास्टिक की बातें और प्लास्टिक के काम
यों ’इस्तेमाल करो और फेंक दो’
यह प्लास्टिक की ही संस्कृति है
लेकिन यह विधान
सिर्फ़ प्लास्टिक की ख़ास-ख़ास चीज़ों पर ही लागू है
पूरे प्लास्टिक पर नहीं