Last modified on 29 दिसम्बर 2018, at 06:49

तारे/ तारादेवी पांडेय

Jangveer Singh (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 06:49, 29 दिसम्बर 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=तारादेवी पांडेय |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)


नील गगन के शुचि प्रांगण में, झिलमिल क्यों करते नादान?
सुनते हो क्या थर-थर मन से, तुम मेरा संकल्प आह्वान॥
काँपा करते हो या भय से, अपने मन में, हे सुकुमार!
करलें कहीं न नभ पर किंचित्, ये आँसू अपना अधिकार॥
इधर-उधर बिखरा करते हैं, प्रिय भोले-भाले अनजान।
माँ वसुन्धरा की गोदी में, हो जाते हैं अन्तर्धान॥
तजो वृथा भय की आशंका, करो नहीं स्वच्छन्द विहार।
नहीं पहुँच पावेंगे नभ तक, मेरे ये आँसू दो-चार॥