Last modified on 13 फ़रवरी 2019, at 12:08

अन्तर्दाह / पृष्ठ 10 / रामेश्वर नाथ मिश्र 'अनुरोध'

सशुल्क योगदानकर्ता ४ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:08, 13 फ़रवरी 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामेश्वर नाथ मिश्र 'अनुरोध' |अनुव...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

उन बड़ी और काली सी
आँखों की छटा कहाँ है?
उन घुघराले बालों की
वह काली घटा कहाँ है?।।४६।।

नव कनक लता सी उस की
सुगठित सुदेह उत्तम थी,
कैसे भी योगी मन को
वह छलने में सक्षम थी ।।४७।।

शुभ चन्द्र सदृश मस्तक पर
था बाल अरुण सा टीका
जिस के समक्ष जग भर का
सौन्दर्य बना था फीका ।।४८।।

स्मर धनु सी थी टेढ़ी
चल काली भौंह निराली
जिसने मेरे मृदु मन पर
थी इन्द्रजाल सी डाली ।।४९।।

कलिका की पंखुड़ियों सी
थीं कोमल-कोमल पलकें
थीं चूम-चूम भग जातीं
उनको वे कुंचित अलकें ।।५०।।