Last modified on 28 फ़रवरी 2019, at 21:09

नेह के महावर / रामानुज त्रिपाठी

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:09, 28 फ़रवरी 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामानुज त्रिपाठी |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आओ चलें
सपनों के गांव में
प्रीति के घरोंदें बनाएं।

अनबौरी लाज
की अमराई में
छाई खामोशी टूट सके,
अनबूझी उसांसों
की पुरवाई
महकी महकी सुगन्ध लूट सके।

आओ चलें
पलकों की छांव में
काजल के पांवडे़ बिछाएं।

ठहरे रहेंगे
उलाहने
अबोल अंधेरों पर कब तक,
अब तो बस
चुपके से घोल दें
रीते कटोरे में आलक्तक

आओ चलें
थके-थके पांवों में
नेह के महावर रचाएं।