Last modified on 14 जुलाई 2019, at 16:39

आह! ज़िन्दगी बनी नटी / अनामिका सिंह 'अना'

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:39, 14 जुलाई 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अनामिका सिंह 'अना' |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

रंगमंच पर सभी जमूरे,
आह! ज़िन्दगी बनी नटी.

बाखर-बाखर ईंटें उखड़ीं,
एक मकां दो मकीं हुये।
तर्पण करने गया चल दिये,
अम्मा के दुख किसे छुये।

वही पूत है जिसके खातिर,
अकुलायी दिन-रैन खटी.

अंतड़ियों का प्रणय निवेदन,
ढीठ भूख अनसुनी करे।
भूखी सोयी भूखी जागी,
भूखों मरे न भूख मरे।

क्षुधा सघन सम सुरसा है,
रट रोटी की सघन रटी.

खेत रहन पर हुरिया का है,
संतो का क्यों फटा दुकूल।
शोषण शक्ति का है जारी,
गिद्ध दृष्टि अवसर अनुकूल।

पाँव भारी हुये पीर के,
गति श्वासों की तीव्र घटी.

दीनों को हक़ नहीं निवाला,
धनिक और भी हुये धनी।
ता-ता थैया नाच नचाये,
नीति डोर बेशर्म तनी।

सत्ता ओवरवेट हुयी है,
दीन पेट से पीठ सटी.