Last modified on 14 जुलाई 2019, at 16:42

मधुमास खिला कानन-कानन / अनामिका सिंह 'अना'

Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:42, 14 जुलाई 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अनामिका सिंह 'अना' |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

मधुमास खिला कानन-कानन।
रति का है दीप्त सुभग आनन॥
ले पंचशरों को साथ फिरे।
मदहोश मदन सँभले न गिरे॥

उपवन-उपवन किंशुक कुसुमित।
महुआ कचनार सभी प्रमुदित॥
कलियों ने घूँघट पट खोले।
अलि बौराये इत उत डोले॥

तरु शाख खिलीं शुचि मंजरियाँ।
चहुँ ओर सुवासित हैं कलियाँ॥
हौले मधुगंध बयार बही।
दुल्हन सम लगती सद्य मही॥

कुसुमाकर ने हृद घाव दिये।
नित विरहन कटु विष चषक पिये॥
पी तुम बिन कैसे 'अना' जिये।
आ अधर लिखो अभिलेख प्रिये॥