Last modified on 6 अगस्त 2019, at 19:20

सुनो महाजन / योगक्षेम / बृजनाथ श्रीवास्तव

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:20, 6 अगस्त 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बृजनाथ श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सुनो महाजन !
कुछ भी साथ नहीं जायेगा
रह जायेगा सब यहीं बंधु

यह रत्नजटित
सिंहासन
यह जाति-पाँति मधुप्राशन
महल अटारी कोष विपुल
ये सेना के घोष तुमुल

सुनो महाजन !
जो खोयेगा वह पायेगा
 रह जायेगा सब यहीं बंधु

ये तोप,मिसाइल
रथ-वथ
खेचर के क्षिप्र पवन पथ
ये मार-काट हत्याएँ
ये रिश्तों की गाथाएँ
   
सुनो महाजन !
जो बीतेगा वह गायेगा
रह जायेगा सब यहीं बंधु

जो बोया
वह काटोगे
कब तक सबको बाँटोगे
यात्रा यह रहे अकेले
पापों के ओढ़ झमेले

सुनो महाजन !
जो रीतेगा ले जायेगा
रह जायेगा सब यहीं बंधु