भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

नौ-सैनिक विद्रोह / महेन्द्र भटनागर

Kavita Kosh से
Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:35, 20 अगस्त 2008 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महेन्द्र भटनागर |संग्रह= बदलता युग / महेन्द्र भटनागर }} <...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


मचली हिन्द सागर में सबल विद्रोह की लहरें
हिन्दुस्तान को छूने चली आतीं बिना ठहरें !

जब बंगाल की खाड़ी, अरब सागर हिले डोले
सदियों के दमित सीने नया दृढ़ जोश पा बोले !

लेंगे छीन आज़ादी कि हममें शक्ति है इतनी,
लो प्रतिशोध युग-युग का कि ज़ुल्मों की कथा कितनी !

नौ-सैनिक चले मिलकर जहाज़ों को उड़ाने को,
भीषण गोलियाँ बरसीं गुलामी को मिटाने को !

‘गोरे’ आततायी सब छिपे डरकर सभी भागे,
दुश्मन कौन था जो आ सका बढ़ कर वहाँ आगे !

जन-जन मुक्ति-आन्दोलन मशालें जल उठीं अगणित,
पशु-बल जा छिपा उल्लू सरीखा बन भयातंकित !

नव-आलोक से सारी दिशाएँ जगमगायी थीं !
नूतन चेतना से सब दिवारें डगमगायी थीं !

धक्का शक्तिशाली जब लगा जन-तंत्र का नारा,
सागर पार सिंहासन गया हिल राज्य का सारा !

सड़कों पर पड़े अगणित क़दम फ़ौलाद से दुर्दम,
जाग्रत देश के जन-जन अथक लड़ते रहे हरदम !

कीं कुर्बानियाँ तुमने उठायी आँधियाँ भीषण
जिससे कट गये जकड़े गुलामी के सभी बंधन !

लपटें जल उठीं दुगनी, पड़ा जब-जब दमन-पानी,
औ’ प्रतिरोध भी दुगना बढ़ा, की ख़ूब मनमानी !

यह साम्राज्यवादी गढ़ विकल हो बौखलाया था,
जिसने शक्ति का कण-कण कुचलने में लगाया था !

लेकिन बुझ न पायी जो वतन ने आग सुलगायी,
बरसों की बढ़ी जिसमें पुरानी जुड़ गयी खाई !