Last modified on 30 अक्टूबर 2019, at 20:08

अनथके से नयन / प्रेमलता त्रिपाठी

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:08, 30 अक्टूबर 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रेमलता त्रिपाठी |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

अन थके से नयन चित्र सजने लगे।
भाव मन में सरस फिर उभरने लगे।

छंद अनुपम सजे मात अपराजिते,
स्रग्विणी राजभा चार रचने लगे।

राह मिलती रही भाव भरती गयी,
गीत में ढल हृदय भी थिरकने लगे।

राग जीवन सधे काट बाधा सभी,
ताल उलझें नहीं लय निखरने लगे।

डगमगाते कदम हम चले राह पर
धैर्य विश्वास के साथ बढ़ने लगे।

कर्म कोई अधूरा न छोड़ें कभी,
ईश का यदि हमें साथ मिलने लगे।

कंटकों में खिले हों वही पुष्प हम,
प्रेम सौगात से दिन महकने लगे।